राष्ट्रपति की सुरक्षा की समीक्षा करेगा ‘व्हाइट हाउस’

वाशिंगटन, अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की एक शीर्ष अधिकारी ने वार्षिक पत्रकार रात्रिभोज के दौरान शनिवार को हुई गोलीबारी की घटना के मद्देनजर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा की समीक्षा के लिए इस सप्ताह के अंत में ‘यूएस सीक्रेट सर्विस’ और गृह मंत्रालय (डीएचएस) की बैठक बुलाई है।
‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन’ (डब्ल्यूएचसीए) के रात्रिभोज स्थल ‘वाशिंगटन हिल्टन’ होटल में हुए हमले ने राष्ट्रपति पद के उत्तराधिकार क्रम को भी चर्चा के केंद्र में ला दिया है क्योंकि कार्यक्रम में मंत्रिमंडल के कई मंत्री मौजूद थे। ट्रंप को चार जुलाई को अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ से जुड़े कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होना है। इसके मद्देनजर ‘व्हाइट हाउस’ की ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ सुसन वाइल्स ने ‘सीक्रेट सर्विस’ और डीएचएस नेतृत्व की बैठक बुलाई है जिसमें प्रोटोकॉल और अन्य प्रक्रियाओं पर चर्चा होगी।
हालिया घटनाओं के बाद बढ़ाई गई सतर्कता
‘व्हाइट हाउस’ की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अधिकारियों ने ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन’ के रात्रिभोज से पहले ‘डेजिग्नेटेड सर्वाइवर’ (आपात स्थिति में सरकार की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए नामित अधिकारी) और उत्तराधिकार क्रम पर चर्चा की थी।
लेविट ने कहा, ‘‘लेकिन उत्तराधिकार क्रम में शामिल मंत्रिमंडल के कई सदस्य विभिन्न निजी कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे इसलिए कोई ‘डेजिग्नेटेड सर्वाइवर’ नामित करना जरूरी नहीं था क्योंकि कई सदस्य पहले से ही वहां मौजूद नहीं थे।’’ उन्होंने कहा कि वाइल्स द्वारा बुलाई गई बैठक में इस बात पर ‘‘चर्चा’’ होगी कि क्या ट्रंप और उपराष्ट्रपति जे डी वेंस को एक ही सार्वजनिक कार्यक्रम में मौजूद रहना चाहिए।
रात्रिभोज में ट्रंप, वेंस, प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन, विदेश मंत्री मार्को रुबियो, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ मौजूद थे। ये सभी राष्ट्रपति पद के उत्तराधिकार क्रम में शामिल हैं। रिपब्लिकन पार्टी के नेता एवं सांसद माइकल मैक्कॉल ने ‘केबल न्यूज नेटवर्क’ (सीएनएन) से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सीक्रेट सर्विस को इस बात पर फिर से विचार करना चाहिए कि ऐसे किसी कार्यक्रम में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति दोनों को एक साथ मौजूद रहना चाहिए या नहीं।’’
अमेरिकी संविधान एवं 1947 के राष्ट्रपति उत्तराधिकार अधिनियम में राष्ट्रपति पद के उत्तराधिकार क्रम का प्रावधान है। इसके तहत क्रम इस प्रकार है- उपराष्ट्रपति, प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष, सीनेट के अस्थायी अध्यक्ष, विदेश मंत्री, वित्त मंत्री, रक्षा मंत्री, अटॉर्नी जनरल, गृह, कृषि, वाणिज्य, श्रम, स्वास्थ्य एवं मानव सेवा, आवास एवं शहरी विकास, परिवहन, ऊर्जा, शिक्षा, ‘वेटर्न्स अफेयर्स’ (सेवानिवृत्त सैन्य कर्मचारियों के मामलों से जुड़ा) विभागों के मंत्री आदि I
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में उच्च सुरक्षा वाला बॉलरूम बनाने का आह्वान किया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को व्हाइट हाउस परिसर के भीतर एक उच्च सुरक्षा वाला ‘बॉलरूम’ बनाने का फिर से आह्वान किया। ट्रंप का यह बयान संवाददाताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज के दौरान गोलीबारी की घटना के बाद आया है।
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में संवाददाताओं के लिए आयोजित एक हाई-प्रोफाइल रात्रिभोज के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बंदूक और चाकुओं से लैस एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर उस क्षेत्र में घुस आया, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई वरिष्ठ अमेरिकी नेता मौजूद थे। बहरहाल, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे घेरकर तुरंत हिरासत में ले लिया। गनीमत यह रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित रहे और उन्हें तुरंत वहां से बाहर ले जाया गया।
एक विशाल, सुरक्षित और संरक्षित बॉलरूम बनाया जाए
ट्रंप ने रविवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह घटनाक्रम नहीं होता अगर ये कार्यक्रम व्हाइट हाउस में निर्माणाधीन सैन्य रूप से अत्यंत गोपनीय ‘बॉलरूम’ में हुआ होता।’’ उन्होंने इस मामले (बॉलरूम निर्माण) में अदालती मुकदमा वापस लेने की भी मांग की। एक संघीय अदालत ने व्हाइट हाउस के पूर्वी विंग में 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर की लागत से एक भव्य बॉलरूम के निर्माण के प्रयासों पर रोक लगा दी है, जिसमें संसद की मंजूरी की आवश्यकता और संरक्षण कानूनों के उल्लंघन का हवाला दिया गया है।
ट्रंप प्रशासन ने अपील दायर की है, जिसकी सुनवाई पांच जून को होने की उम्मीद है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘पिछली (शनिवार) रात जो कुछ हुआ, ठीक उसी वजह से हमारी सेना, सीक्रेट सर्विस, कानून प्रवर्तन एजेंसियां और अलग-अलग कारणों से पिछले 150 वर्षों से हर राष्ट्रपति यह मांग करते आ रहे हैं कि व्हाइट हाउस के परिसर में एक विशाल, सुरक्षित और संरक्षित बॉलरूम बनाया जाए।’’ (भाषा )
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



