बीसी आरक्षण पर झूठ बोलने वाले राहुल की दिल्ली में खोलेंगे पोल : केटीआर

हैदराबाद, पिछडा वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण देने के मामले में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सरकार पर बीसी वर्ग को धोखा देने का आरोप लगाते हुए भारत राष्ट्र समिति (भारास) के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में पिछड़ा वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण अमल किए जाने की जानकारी देशभर में देते घूम रहे राहुल गांधी के झूठ की दिल्ली में ही पोल खोली जाएगी।
भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में पिछड़ा वर्ग के प्रमुख नेताओं, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, राज्यसभा सदस्य व पूर्व मंत्रीयों के साथ आयोजित क्लोज डोर बैठक को संबोधित करते हुए केटीआर ने कहा कि कामारेड्डी डिक्लेरेशन में पिछड़ा वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण देने सहित अन्य कई वादे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी नीत कांग्रेस सरकार ने किए थे, परंतु एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीसी वर्ग के प्रति कटिबद्ध है, तो लोकसभा में मुख्य विपक्षी नेता के तौर पर राहुल गांधी बीसी रिजर्वेशन का मुद्दा चर्चा के लिए उठाएँ।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना–नार्थ ईस्ट कनेक्ट महोत्सव के प्रथम चरण का समापन
रेवंत सरकार पर बीसी वर्ग के लिए 1 लाख करोड़ का वादा अधूरा
केटीआर ने कहा कि आगामी संसद सत्र में तेलंगाना के भाजपा और कांग्रेस के सांसद मुद्दे को उठाकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाएँ। उन्होंने कहा कि रेवंत सरकार ने बीसी वर्ग को हर साल बजट में 20 हजार करोड़ रुपये के हिसाब से 5 साल में 1 लाख करोड़ रुपये आवंटित करने का वादा किया था, परंतु उसका नाम तक नही ले रही है। बीआरएस बीसी वर्ग के पक्ष में खड़ी है। विधानसभा में पिछड़ा वर्ग को 20 हजार करोड़ रुपये आवंटित करने के लिए कांग्रेस सरकार पर पूरा दबाव बनाएँगे।
विधायक व पूर्व मंत्री टी. हरीश राव ने कहा कि राज्य का पिछड़ा वर्ग पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के साथ खड़ा है। तेलंगाना गठन के बाद सत्ता में आई पूर्व केसीआर सरकार ने बीसी वर्ग के लिए जो विकास व कल्याणकारी योजनाओं पर अमल किया, वह देश में किसी राज्य ने नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 1 करोड़ महिलांओं को करोड़पति बनाने का गलत प्रचार बंद करें। सर्वप्रथम मध्याह्न भोजन योजना के कर्मचारियों को पिछले 13 माह से जो वेतन बकाए हैं, उन्हें तुरंत अदा करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



