विश्व मलेरिया दिवस : जीएचएमसी का जागरूकता और रोकथाम अभियान

हैदराबाद, विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर हैदराबाद महानगर निगम (जीएचएमसी) ने मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रोकथाम को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए।
निगम ने सभी सर्किलों में एंटोमोलॉजी स्टाफ को तैनात कर लोगों के बीच सीधे जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम क्षेत्रीय आयुक्तों, एएमओएच और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित किए गए। इसके तहत वार्ड स्तर पर रैलियां और प्रचार अभियान चलाए गए, घर-घर जाकर स्वच्छता के महत्व पर जानकारी दी गई, साथ ही मच्छरों के लार्वा और उनके पनपने वाले स्थानों पर लाइव प्रदर्शन कर लोगों को सतर्क किया गया। इसके अलावा नियमित निगरानी और एंटी-लार्वा उपायों को भी तेज किया गया।
इस दौरान निगम की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के. पद्मजा और मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट की टीम ने सर रोनाल्ड रॉस इंस्टीट्यूट ऑफ पैरासिटोलॉजी में क्रिएटिंग लिगेसी : वर्ल्ड मलेरिया डे 2026 पर आयोजित तकनीकी बैठक में भाग लिया। इस ऐतिहासिक संस्थान में ही रोनाल्ड रॉस ने मच्छरों के जरिए मलेरिया के प्रसार की खोज की थी, जिसने आधुनिक नियंत्रण कार्यक्रमों की नींव रखी।
बैठक में विशेषज्ञों ने कहा कि मलेरिया एक रोकी और ठीक की जा सकने वाली बीमारी है, लेकिन तेजी से हो रहे शहरी विकास और जलभराव जैसी चुनौतियों के कारण समग्र वेक्टर प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी बेहद जरूरी है। जीएचएमसी मुख्यालय में अपोलो अस्पताल के सहयोग से विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। इसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मलेरिया के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर इलाज के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





