वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का पर्दाफाश
हैदराबाद, सिकंदराबाद जोन की टास्क फोर्स पुलिस ने गांधी नगर पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का पर्दाफाश कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 7.5 लाख रुपये मूल्य के 129 गैस सिलेंडर, अशोक लीलैंड गुड्स वाहन, एक्टिवा स्कूटी, 26,700 रुपये की नकदी और 4 सेलफोन जब्त किए। जब्त किए गए गैस सिलेंडरों में 25 भरे हुए और 104 खाली थे।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त गायकवाड वैभव रघुनाथ ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर टास्क फोर्स पुलिस इंस्पेक्टर पी. राघवेंद्र ने छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आईडीएच कॉलोनी, न्यू भोईगुड़ा के गोदाम पर छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस ने करमनघाट निवासी व मूलत नलगोंडा के रहने वाले गैस डेलिवरी बॉय यालम प्रतीप कुमार (21), विजयलक्ष्मी कॉलोनी, मीरपेट निवासी गैस डेलिवरी बॉय जल्लेला मल्लेश (25), अशोक लीलैंड गुड्स वाहन चालक सिकंदराबाद निवासी मोरा नागार्जुना उर्फ अर्जुन (32) और गैस सिलेंडर खरीदने वाले टिफिन सेंटर संचालक न्यू भोईगुड़ा निवासी नागुलापल्ली मल्लेश (56) को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें… कुकटपल्ली में गांजा नेटवर्क का पर्दाफाश, 4 गिरफ़्तार
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि प्रतीप और मल्लेश भार्गवी एजेंसी में डेलिवरी बॉय के रूप में कार्यरत हैं और वर्तमान समय में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की बढ़ती माँग को देखते हुए दोनों ने नागार्जुना के साथ मिलकर गैस सिलेंडरों की काला बाजारी प्रारंभ की। वाणिज्यिक गैस सिलेंडर वे 5 हजार रुपये की दर से बेच रहे थे, जबकि इनकी कीमत 3,337 रुपये हैं। प्राप्त शिकायत के आधार पर टास्क फोर्स पुलिस ने छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए गांधी नगर पुलिस के हवाले कर दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



