कालेश्वरम परियोजना के लिए ली गयी थी कैबिनेट की अनुमति : ईटेला राजेंदर
हैदराबाद, पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव शासन में निर्मित कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना को तत्कालीन कैबिनेट से अनुमति नहीं लिए जाने संबंधी मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा सांसद ईटेला राजेंदर ने स्पष्ट किया कि परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री केसीआर खुद कहा करते थे कि डिपार्टमेंट में जो भी निर्णय लेने जा रहे हो, उन्हें कैबिनेट में अवश्य रखा जाना चाहिए।
ईटेला ने भाजपा रंगारेड्डी जिला नेता डॉ. मल्ला रेड्डी के साथ मीडिया को सिकंदराबाद के इम्पीरियल गार्डन में संबोधित करते हुए कहा कि इतना बड़ा प्रॉजेक्ट कैबिनेट में रखे बिना बनाना कैसे संभव होगा। उन्होंने कहा कि कैबिनेट उपसमिति के दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें वह सार्वजनिक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई इस बात को झुठला देगा, तो जो चाहें उसके लिए वह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हर प्रॉजेक्ट का कैबिनेट रैटिफिकेशन होता है।
प्रॉजेक्ट निर्माण को अलग व भ्रष्टाचार को अलग करके देखा जाना चाहिए। भाजपा प्रॉजेक्ट निर्माण के विरोध में नहीं है, बल्कि उसकी आड़ लेकर कमाई करने के उद्देश्य से सत्ता का दुरुपयोग कर निविदाएँ (टेंडर) आमंत्रित किए बिना कार्यों के बंटवारे के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि किसी परियोजना को एटीएम के तौर पर उपयोग करना गलत है। इसलिए भाजपा पूरी परियोजना की सीबीआई से जाँच कराने की माँग कर रही है।
यह भी पढ़ें… सांसदों की सर्वदलीय बैठक में रेवंत ने किया संघर्ष का ऐलान
ईटेला की मांग: भ्रष्टाचार पर रिपोर्ट सार्वजनिक हो
ईटेला ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने भी कई प्रॉजेक्टों का निर्माण शुरू किया था, लेकिन कई पूरे नहीं किए। वाईएसआर ने जलयज्ञम के तहत प्राणहिता चेवेल्ला परियोजना की नींव रखी, जिसे 5 साल में पूरा किया जा सकता था, लेकिन नहीं किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार से माँग करते हुए कहा कि मेडीगड्डा के ढह चुके जो 2 पिल्लर्स हैं, उनकी मरम्मत कराकर सिंचाई जल उपलब्ध कराएँ। उन्होंने कहा कि यदि सरकार में दम है, तो कालेश्वरम आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक करे और भ्रष्टाचार के दोषियों को हरगिज न बख्शा जाए।
ईटेला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल की कल्याणकारी व विकास योजनाओं पर आधारित विकसित भारत-विकसित मलकाजगिरी प्रदर्शनी तथा संकल्प सभा का आयोजन रविवार, 22 जून को सिकंदराबाद के इम्पीरियल गार्डन व ज्वेल गार्डन में किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला, खान मंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल सी.एच. विद्यासागर राव, राज्यसभा सदस्य डॉ. के. लक्ष्मण, भाजपा विधायक दल के नेता ए. महेश्वर रेड्डी, राज्य विधान परिषद में भाजपा के नेता ए.वी.एन. रेड्डी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद डी.के. अरुणा, राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, तेलंगाना महासचिव (संगठन) चंद्रशेखर तिवारी, अभय पाटिल व अन्य उपस्थित होंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



