चंद्रनाथ रथ की हत्या : कड़ी सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम शुरू

कोलकाता, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ के आवास पर पार्टी के वरिष्ठ नेता पहुंचे और कहा कि उनका परिवार बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद अंतिम संस्कार के बारे में फैसला करेगा। पार्टी के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की भारी तैनाती के बीच बृहस्पतिवार सुबह बारासात सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पोस्टमार्टम शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।

रथ के अंतिम संस्कार के बारे में पूछने पर भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘परिवार की इच्छाएं सर्वोपरि हैं। मृतक के परिवार से परामर्श के बाद अंतिम संस्कार संबंधी निर्णय लिए जाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व लगातार रथ के परिजनों के संपर्क में है।

लोकतांत्रिक राज्य में ऐसे हमले निंदनीय हैं

बुधवार रात गोली मारे जाने की घटना के बाद रथ को जिस अस्पताल में ले जाया गया था, उसके बाहर भाजपा कार्यकर्ता जमा हो गए और हत्या में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। भाजपा के एक कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘हम दोषियों के लिए ऐसी सजा चाहते हैं कि मिसाल कायम हो। लोकतांत्रिक राज्य में ऐसे हमले निंदनीय हैं।’’

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा को रोकने के लिए अस्पताल और रथ के आवास के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने रथ की गाड़ी का पीछा किया, उन्हें रुकने के लिए मजबूर किया और गोलीबारी के बाद भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि रथ को ले जा रहे वाहन को पहले दोहरिया जंक्शन के पास एक छोटे चार पहिया वाहन ने रोका, जिसके बाद एक मोटरसाइकिल सवार कार के पास आया और उसने करीब से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। (भाषा)

यह भी पढ़ेस्टालिन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया: द्रमुक सूत्र

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button