सी.वी. आनंद बने तेलंगाना के नए पुलिस महानिदेशक
हैदराबाद, राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वर्ष 1991 बैच के सी.वी. आनंद को तेलंगाना पुलिस महानिदेशक के पद पर नियुक्त करते हुए आदेश जारी किया। सी.वी. आनंद आगामी 1 मई को पुलिस महानिदेशक का पद्भार संभालेंगे।
राज्य सरकार के मुख्य सचिव के. रामकृष्णा राव ने सी.वी. आनंद को पुलिस महानिदेशक नियुक्त करते हुए आदेश जारी किया।
गौरतलब है कि इसके पूर्व वे तेलंगाना गृह विभाग के विशेष प्रधान सचिव के रूप में कार्यरत थे और उनके स्थान पर इस पद पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शिखा गोयल को दो दिन पूर्व नियुक्त किया गया था। ज्ञातव्य है कि वर्तमान पुलिस महानिदेशक पी. शिवधर रेड्डी का कार्यकाल आगामी 30 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। सी.वी. आनंद ने इसके पूर्व हैदराबाद नगर पुलिस की दो बार कमान थामी थी।
सी.वी. आनंद का जन्म हैदराबाद के पेट्लाबुर्ज स्थित सरकारी प्रसूती अस्पताल में गत 5 जून, 1968 को हुआ था। उनके माता-पिता चामा दामोदर रेड्डी व व यशोदा देवी हयातनगर मंडल, रंगारेड्डी ज़िले के कुंटलूरु गाँव के रहने वाले हैं। वर्ष 1959 में वे गाँव से पलायन कर हैदराबाद आ गए थे। उनके पिता वर्ष 1950 में फॉरेस्ट रेंजर के रूप में नौकरी प्रारंभ की और वे कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट के पद पर सेवानिवृत्त हुए।
फाइटर पायलट भाई की दुर्घटना में मृत्यु
सी.वी. आनंद के बड़े भाई विनोद भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट के रूप में कार्यरत थे और मिग21 एयर क्राफ्ट के हादसे में उनका निधन हो गया था। सी.वी. आनंद ने विद्यारण्य हाई स्कूल और हैदराबाद पब्लिक स्कूल, बेगमपेट से स्कूली पढ़ाई पूर्ण की और बचपन से ही उनकी खेलों पर रुची थी। वे हैदराबाद अंडर-19 क्रिकेट टीम में चुने गए और इंग्लैंड का दौरा भी किया। निजाम कॉलेज से उन्होंने बीए की पढ़ाई 1986-1989 में पूर्ण की।
इसके बाद आर्ट्स कॉलेज उस्मानिया विश्वविद्यालय से एमए इकोनॉमिक्स की पढ़ाई पूर्ण की। उन्होंने हैदराबाद अंडर-22 क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन वे रणजी ट्रॉफी से चूक गए। इसके बाद उन्होंने सिविल की पढ़ाई करने का निर्णय किया और वे हैदराबाद स्टडी सर्कल में शामिल हुए। उन्होंने सिविल्स की प्रीलिम्स, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार मात्र 22 वर्ष की आयु में पहले ही प्रयास में पूर्ण कर लिया और वे 1991 में आईपीएस अधिकारी चुने गए। उन्होंने अपने पहले नव वर्ष का कार्यकाल में नक्सल प्रभावित ज़िलों में अपनी सेवाएँ दी।
दो वर्ष उन्होंने वरंगल एएसपी, एक वर्ष बेल्लमपल्ली एएसपी, साढ़े तीन वर्ष निजामाबाद पुलिस अधीक्षक (1996 से 1999) के रूप में कार्य किया। इस प्रकार विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएँ देते हुए, हैदराबाद में उनकी पहली नियुक्ति पूर्वी जोन डीसीपी और सेंट्रल जोन डीसीपी के रूप में हुई। हैदराबाद में वर्ष 2001 से 2004 तक इन पदों पर कार्य करते हुए उन्होंने हुसैन सागर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की प्रक्रिया को स्ट्रीम लाइन किया।
यह भी पढ़ें… उच्च न्यायालय में चार न्यायाधीशों ने ली शपथ
लेक पुलिस थाने के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्यकाल के दौरान ही लेक पुलिस थाने का गठन किया गया। वर्ष 2010 से 2013 के दौरान अतिरिक्त यातायात नगर पुलिस आयुक्त के पद पर कार्य करते हुए ई-चालान व्यवस्था, ड्रंक एण्ड ड्राइव, ऑटोमेटिक ट्राफिक सिग्नलिंग सिस्टम, स्कूल ट्रैफिक कमांडोस, फ्री लेफ्ट और यू-टर्न जैसी नई व्यवस्था को अमल में लाया। यातायात पुलिस की कमान संभालते हुए वे प्रतिदिन हैदराबाद की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तीन से चार घंटे सड़क पर बिताते थे।
सी.वी. आनंद के प्रयास के चलते ही यातायात पुलिसकर्मियों को 30 प्रतिशत अतिरिक्त वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने वर्ष 2013 से 16 तक साइबराबाद पुलिस आयुक्त के पद पर कार्य किया और उनकी बदौलत ही शी टीम, शी शेटल, शी ऐप आदि को अमल में लाया गया। उन्होंने वर्ष 2001 से 04 के दौरान नगर पुलिस आयुक्त के रूप में कार्य किया और उन्हें वर्ष 2024 के दौरान दूसरी बार नगर पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया।
इसके बाद उन्हें गृह विभाग के विशेष प्रधान सचिव के पद पर भेज दिया गया। उनका विवाह वर्ष 1993 में ललिता आनंद से हुआ और उनके दो लड़कों में से मिलिंद आनंद क्रिकेटर है, वे वर्ष 2014 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के सदस्य रह चुके हैं। वर्तमान समय में मिलिंद हैदराबाद वरिष्ठ टीम के कप्तान है और वे 6 वर्ष आईपीएल की टीम में शामिल रहे। सी.वी. आनंद को वर्ष 2002 के दौरान राष्ट्रपति शौर्य पदक, वर्ष 2007 में भारतीय पुलिस पदक, 2017 में राष्ट्रपति पुलिस पदक, 2004 में आंतरिक सुरक्षा पदक, 2022 में अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



