शीघ्र हो चेर्लापल्ली और सिकंदराबाद स्टेशनों की संपर्क सड़कों का विस्तार
हैदराबाद, केंद्रीय कोयला मंत्री किशन रेड्डी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को पत्र लिखकर चेर्लापल्ली और सिकंदराबाद रेलवे स्टेशनों तक पहुँचने वाली प्रमुख सड़कों के विस्तार के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। सिकंदराबाद से लोकसभा सांसद किशन रेड्डी ने रेवंत रेड्डी को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि चेर्लापल्ली और सिकंदराबाद रेलवे स्टेशनों से जुड़ी संपर्क सड़कों के सुधार और विस्तार पर पहले पत्र लिखने के बावजूद अभी तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर को भी पत्र लिखा था।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में किशन रेड्डी ने बताया कि चेर्लापल्ली रेलवे टर्मिनल को लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है, ताकि सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन, हैदराबाद रेलवे स्टेशन और काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में यात्री चेर्लापल्ली स्टेशन का उपयोग कर रहे हैं, इसलिए उनकी सुविधा के लिए वहाँ तक जाने वाली सड़कों का विस्तार जरूरी है।
यह भी पढ़ें… इंदिरम्मा घरों को प्राथमिकता दें जिलाधीश : पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी
साथ ही पार्किंग और अन्य यात्री सुविधाओं के लिए भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता है। किशन रेड्डी ने कहा कि लगभग 715 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के सामने की सड़क का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री से चेर्लापल्ली और सिकंदराबाद रेलवे स्टेशनों की संपर्क सड़कों और अन्य कार्यों को जल्द पूरा करने की पहल करने का आग्रह किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



