हैदराबाद : एमडीएमए की सप्लाई करने वाले चार अरेस्ट
हैदराबाद, आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एमडीएमए ड्रग्स की सप्लाई कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 4.62 ग्राम एमडीएमए, एक कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए।
एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि अंबरपेट इलाके में ड्रग्स की बिक्री किए जाने की सूचना मिलने के बाद एसआई संध्या के नेतृत्व में इलाके में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार चार लोगों के पास से 4.62 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ। इस मामले में, शेख फैसल, पी. अंशु प्रसाद, मोहम्मद मसूद और ए. प्रीतवर्धन को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी शेख फैसल भी शामिल है, जो पहले से कई मामलों में फरार चल रहा था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आरोपी बेंगलुरु से करीब 20 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स लेकर हैदराबाद पहुंचे थे और नगर में इसकी सप्लाई करने की तैयारी में थे। उन्होंने बताया कि शेख फैसल लंबे समय से ड्रग्स का सेवन करने के साथ-साथ इसकी बिक्री भी कर रहा था। वह पहले से तीन अलग-अलग मामलों में आरोपी है और पुलिस से बचकर फरार घूम रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि ड्रग्स की लत के कारण शेख फैसल एक सड़क हादसे का शिकार भी हुआ था, जिसमें उसका दाहिना हाथ चला गया था। इसके बावजूद उसने अपराध की दुनिया नहीं छोड़ी और ड्रग्स कारोबार में सक्रिय बना रहा। आरोपियों के पास से बरामद ड्रग्स, कार और मोबाइल फोन को ज़ब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए काचीगुड़ा आबकारी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



