हैदराबाद : छत पर गांजा उगाने वाला सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार
हैदराबाद, आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) व घटकेसर की आबकारी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अपने घर की छत पर गांजे की खेती करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ के अधीक्षक एन. अंजी रेड्डी ने बताया कि नाचाराम के गांधी नगर में रहने वाला सीएच. शशिधर पेशे से सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत था। नौकरी के दौरान ही उसे गांजे की लत लग गई और वह अपना पूरा वेतन नशे में खर्च करने लगा। हालत बिगड़ने पर उसने नौकरी तक छोड़ दी।
पैसों की कमी के चलते शशिधर ने अपने घर की छत पर ही गांजे के पौधे उगाने शुरू कर दिये। सूचना मिलने पर रंगारेड्डी की एनफोर्समेंट टीम ने इंस्पेक्टर बालराजू के नेतृत्व में छापेमारी करते हुए 17 गांजे के पौधे बरामद किए। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ पौधे फूल अवस्था में थे, जबकि कुछ करीब तीन मीटर तक बढ़ चुके थे। इनसे लगभग 10 किलो गांजा मिलने की संभावना जताई गई है। घटकेसर की आबकारी पुलिस आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें… ऑपरेशन सेफ स्कूल के तहत 1.1 करोड़ रुपये के तम्बाकू उत्पाद जब्त
छात्र भी गांजा तस्करी में लिप्त
इसी अभियान के तहत आबकारी की एनफोर्समेंट टीम ने मेडिपल्ली में बीटेक पढ़ रहे दो छात्रों को गांजा बेचते हुए पकड़ा। उनके पास से 480 ग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंडी अरुण कुमार और बी. आशीष के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर घटकेसर आबकारी पुलिस के हवाले किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने पहले गांजे का सेवन करने और आमदानी को देखते हुए स्वयं भी बिक्री करने का खुलासा किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






