ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद पर भारत की कड़ी प्रतिक्रिया: मोदी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सैन्य और आतंकी ढांचे के खिलाफ सैन्य अभियान के एक वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि एक साल बाद भी भारत आतंकवाद को हराने और उसे पोषित करने वाले तंत्र को नष्ट करने के अपने संकल्प में पहले की तरह ही अडिग है। मोदी ने कहा कि एक साल पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बेजोड़ साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया था।

राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता

सुरक्षा बलों ने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने की हिमाकत करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया और पूरा देश भारतीय बलों के शौर्य को सलाम करता है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसने हमारे सशस्त्र बलों के पेशेवर रवैये, तैयारी और समन्वित शक्ति को उजागर किया।’’

मोदी ने कहा कि साथ ही इस अभियान ने भारतीय सुरक्षा बलों के बीच बढ़ती एकजुटता को प्रदर्शित किया और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए किए गए प्रयासों से देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को मिली मजबूती को रेखांकित किया। ऑपरेशन सिंदूर को तीनों रक्षा बलों द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ पश्चिमी सीमा पर सात से 10 मई, 2025 तक पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए अंजाम दिया गया था।

यह अभियान 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। मृतकों में अधिकतर पर्यटक थे।

ऑपरेशन सिंदूर आधुनिक युद्ध का उत्कृष्ट उदाहरण है : राजनाथ सिंह

ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को इस मिशन को आधुनिक युद्धकला का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसकी अद्वितीय सटीकता और तीनों सेनाओं के निर्बाध समन्वय का उल्लेख किया। उन्होंने एक संदेश में कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का एक शक्तिशाली प्रतीक है।

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पिछले साल छह-सात मई की दरमियानी रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए और कम से कम 100 आतंकवादियों को मार गिराया गया।

सिंह ने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने पर हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदान को सलाम करते हैं, जिनका साहस और समर्पण राष्ट्र की रक्षा करता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऑपरेशन के दौरान उनके कार्यों ने अद्वितीय सटीकता, निर्बाध समन्वय और विभिन्न सेवाओं के बीच गहन तालमेल को दर्शाया, जिससे आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक मानदंड स्थापित हुआ।’’

रक्षा मंत्री ने कहा कि यह अभियान ‘‘राष्ट्रीय संकल्प और तत्परता का एक शक्तिशाली प्रतीक है, जो दर्शाता है कि हमारी सशस्त्र सेनाएं सबसे महत्वपूर्ण समय पर निर्णायक कार्रवाई करने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह आत्मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में भारत की निरंतर प्रगति का भी प्रमाण है, जो क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ लचीलेपन को भी मजबूत करता है।’’

सिंह बृहस्पतिवार को जयपुर में संयुक्त कमांडरों के सम्मेलन में भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों और सेना की युद्ध तैयारियों की व्यापक समीक्षा करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह सम्मेलन साइबर, अंतरिक्ष और संज्ञानात्मक युद्ध के उभरते क्षेत्रों में चुनौतियों का मूल्यांकन करने और निर्णायक बढ़त वाली लचीली और भविष्य के लिए तैयार सेना के लिए क्षमता विकास का रोडमैप तैयार करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button