आईयूएमएल ने सीएम उम्मीदवार को समर्थन नहीं दिया : मुनीर
कोझिकोड (केरल), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता एम के मुनीर ने शनिवार को कहा कि पार्टी ने केरल के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में कांग्रेस के किसी नेता को समर्थन नहीं दिया है। आईयूएमएल की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पी. सैयद सादिक अली शिहाब थंगल ने बयान दिया था कि कांग्रेस नेता वी डी सतीशन ने विधानसभा चुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का नेतृत्व किया।
कुछ लोगों ने इस बयान को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में सतीशन के प्रति आईयूएमएल के समर्थन के तौर पर देखा। मुनीर ने थंगल के इस बयान को लेकर एक मीडिया संस्थान से कहा कि पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर कोई पसंद जाहिर नहीं की है। मुनीर ने कहा, ‘‘थंगल ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में कुछ नहीं कहा है। उन्होंने कहा था कि फैसला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को करना है।’’
आईयूएमएल को लेकर डर फैलाने का आरोप, कांग्रेस का पलटवार
मुनीर ने कहा कि कांग्रेस के पास सक्षम नेतृत्व है और चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर बिना देरी फैसला किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का फैसला पार्टी में स्वीकार किया जाएगा।’’ पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि आईयूएमएल को लेकर यह डर पैदा करने की कोशिश की जा रही है और यह धारणा बनाई जा रही है कि यूडीएफ सरकार पार्टी के नियंत्रण में होगी।
यह भी पढ़े : महोबा में दर्दनाक हादसा: बांध में डूबने से दो बच्चों की मौत
मुनीर ने कहा, ‘‘वे चाहते हैं कि आईयूएमएल कुछ भी न संभाले। वे दावा करते हैं कि अगर आईयूएमएल को गृह विभाग मिला तो दंगे होंगे। वे दावा करते हैं कि अगर शिक्षा विभाग आईयूएमएल को दिया गया तो केवल मुस्लिम विद्यालयों को ही अनुमतियां मिलेगी। सरकार जमात-ए-इस्लामी की छाया बनकर रह जाएगी।’’ मुनीर ने कहा कि इस तरह की बातें जनता के बीच डर पैदा करने और विभाजन को गहरा करने के मकसद से कही जा रही हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



