पोप लियो 14वें ने एकता के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई

वेटिकन सिटी: इतिहास में पहले अमेरिकी पोप, पोप लियो 14वें ने एकता के लिए काम करने की प्रतिबद्धता जताई ताकि कैथोलिक चर्च दुनिया में शांति का प्रतीक बन सकें। पोप लियो (69) ने सेंट पीटर्स स्क्वायर में आयोजित सामूहिक प्रार्थना सभा के दौरान प्रेम और एकता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में कार्डिनल (उच्च पादरी), बिशप और पादरियों समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
लियो ने अपने कार्यकाल की शुरुआत सेंट पीटर्स स्क्वायर में लोगों को आशीर्वाद देकर पियाजा (चौक) से पोपमोबाइल (विशेष वाहन) में यात्रा करके की। लियो ने इस मौके पर कहा कि वह प्रेम और एकजुटता के संदेश के जरिये लोगों के सेवक बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “मैं चाहता हूं कि हमारी पहली बड़ी इच्छा एक संयुक्त चर्च की हो, जो एकता का प्रतीक हो, जो मेल-मिलाप वाली दुनिया के लिए एक उदाहरण बन जाए।’’
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस, जो पोप फ्रांसिस के निधन से पहले उनसे मिलने वाले कुछ विदेशी नेताओं में से एक थे, ने शनिवार देर रात रोम पहुंचने पर अर्जेंटीना के पोप की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद शिकागो में जन्मे लियो को सम्मानित करने वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। अमेरिका और अन्य स्थानों पर कैथोलिक चर्च में ध्रुवीकरण को देखते हुए एकता के लिए उनका आह्वान महत्वपूर्ण है।
अमेरिकी पोप ने एकता और शांति का संदेश दिया
अपना पूरा जीवन पेरू में सेवा करते हुए बिताने वाले लियो ने वेटिकन के बिशप के प्रभावशाली दायित्व को संभाल लिया और कैथोलिक चर्च के दो हजार साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब अमेरिका से पोप चुने गए थे। ऑगस्टीनियन धार्मिक आदेश के सदस्य लियो आठ मई को पोप चुने गये थे।
वेंस के साथ अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी थे, जो रूस-यूक्रेन शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के प्रयास के लिए समय से पहले रोम पहुंच गए हैं। पेरू की राष्ट्रपति डिना बोलुआर्टे, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की समेत कई राष्ट्राध्यक्ष इस कार्यक्रम में शामिल हुए। रूस का प्रतिनिधित्व संस्कृति मंत्री ओल्गा लियुबिमोवा कर रही हैं। दुनिया के 36 अन्य ईसाई चर्चों ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल भेजे, यहूदी समुदाय का 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल था, जिनमें से आधे रब्बी थे। अन्य प्रतिनिधियों ने बौद्ध, मुस्लिम, पारसी, हिंदू, सिख और जैन प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व किया।
गत 26 अप्रैल को पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में लगभग 250,000 लोग शामिल हुए थे। रोम के अधिकारियों ने रविवार को 250,000 और लोगों के आने की संभावना जताई। पियाजा और उसके पास जाने वाले मुख्य बुलेवार्ड, तथा पास के दो पियाजा में विशाल टेलीविजन स्क्रीन लगाई गई हैं। (भाषा)
यह भी पढ़ें– मंत्री किरेन रिजिजू ने हज यात्रियों के लिए शुभकामनाएं दीं
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



