प्रगति महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव समारोह संपन्न
हैदराबाद, श्री गुजराती प्रगति समाज द्वारा संचालित प्रगति महाविद्यालय डिग्री कॉलेज, हनुमान टेकड़ी में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात समाज के अतिरिक्त उपाध्यक्ष नितिन शाह ने स्वागत भाषण देते हुए संस्थान की उपलब्धियों एवं प्रगति पर प्रकाश डाला। समाज के संयुक्त सचिव घनश्याम पटेल ने विद्यार्थियों के सफल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. चेन्नप्पा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने महाविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। विशेष अतिथि महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं सेना के सेवानिवृत्त मेजर मुकुंद भार्गव ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अनुशासन के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में प्राचार्या प्रो. माधवीलता ने महाविद्यालय के गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। डॉ. वाई. कृष्णमोहन नायुडू ने समाज एवं महाविद्यालय हेतु किए जा रहे सेवा कार्यक्रमों पर अपने विचार व्यक्त किए। अवसर पर महाविद्यालय के कॉरेस्पोंडेंट गोपाल पटेल, समाज के कोषाध्यक्ष अंबालाल पटेल, चेतना पटेल, भारती बेन पटेल, अरविन्द पटेल, दिनेश गोसर, रमेश सावला, उदय मेहता आदि उपस्थित थे।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक गीत, नृत्य एवं विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियाँ शामिल थीं, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गये। कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक, एनसीसी, खेल, एनएसएस एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। प्राध्यापक अमित सिंह ने कार्यक्रम का सुचारू रूप से संचालन किया। अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





