केसीआर की तर्ज पर किसानों को धोखा दे रही रेवंत सरकार : कविता

हैदराबाद, तेलंगाना रक्षणा समिति (टीआरएस) अध्यक्ष के. कविता ने चिंता जताते हुए कहा कि फार्मा सिटी के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव सरकार ने जिस प्रकार बेशर्मी से झूठ बोलकर किसानों को धोखा दिया, उसी प्रकार मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सरकार किसानों के साथ फरेब कर रही है। उन्होंने तुरंत फार्मा सिटी के लिए जारी जीओ नंबर 31 को रद्द करने की माँग की।
कविता ने फार्मा सिटी में क्या हो रहा है विषय पर बशीरबाग स्थित प्रेस क्लब में आयोजित राउंड टेबल बैठक को संबोधित करते हुए माँग की कि किसानों की मर्जी के बगैर ली गई जमीनें तुरंत वापस की जाएँ। यदि किसानों को परेशान किया गया, तो टीआरएस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि झूठ की बुनियाद पर फ्यूचर सिटी का निर्माण किए जाने संबंधी सपने दिखा रही कांग्रेस सरकार सभी को धोखा दे रही है। इसमें बुलेट ट्रेन, 6 लाख करोड़ रुपये के एमओयू व डेटा सेंटर स्थापित किए जाने आदि के सपने दिखाए जा रहे हैं।
अमेरिका जैसे देशों में डेटा सेंटर स्थापित नहीं किए जा रहे, क्योंकि उससे होने वाले नुकसान का आकलन करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि डेटा सेंटर से जो वाइब्रेशन होता है, उससे पक्षियों के अस्तित्व पर खतरा होगा। फ्यूचर सिटी के नाम पर 13,500 एकड़ भूमि किसानों से अधिग्रहित की गई। इसमें कंदुकूरू मंडल की 3,500 एकड़, याचारम मंडल की 6,500 एकड़ भूमि असाइन्ड है।
यह भी पढ़ें… राशन दुकानों के माध्यम से रियायती दरों पर होगा ज्वार और मक्के का वितरण
कोर्ट के स्टे के बावजूद भूमि अधिग्रहण जारी
इस पर कोर्ट का स्टे होने के बावजूद पूर्व केसीआर सरकार ने जमीनें अधिग्रहित की थीं। अब कांग्रेस सरकार ने भी 13,500 एकड़ भूमि को 30 हजार एकड़ कर दिया है। रेवंत रेड्डी सरकार कोर्ट को भी धोखा दे रही है। कोर्ट में कहती है फार्मा सिटी जारी है, वहीं बाहर आकर फ्यूचर सिटी के नाम पर भू अधिग्रहण कर रही है।
कविता ने कहा कि कांग्रेस सरकार अगले साल से किसान धान खरीद केंद्र बंद करने की फिराक में है। हाल में कांग्रेस सरकार की कैबिनेट में खुद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस बात को कहा है, लेकिन किसी मीडिया में यह खबर रिपोर्ट तक नहीं की गई। उन्होंने कहा कि तीन मंत्रियों की गठित कमेटी ने भी इस साल किसानों से धान खरीदने की सिफारिश की, लेकिन अब भी धान खरीद केंद्रों पर किसान उगाए धान के ढेर लगाए बैठे प्राण त्याग रहे हैं, लेकिन सरकार धान खरीदने से कन्नी काट रही है। उन्होंने सरकार से तुरंत किसानों का पूरा धान खरीदने की माँग की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



