मजलिस को खुश करने के लिए उत्तर दक्षिण का भेद फैला रहे रेवंत : रामचंदर
हैदराबाद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा निर्वाचन क्षेत्रों के पुनिर्सीमांकन (डिलिमिटेशन) में दक्षिण के राज्यों के साथ अन्याय होने के लगाए गए आरोपों पर कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी दोनों मुस्लिम लीग और मजलिस पार्टी को खुश करने और मुसलमानों को लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से उत्तर व दक्षिण का भेद फैला रहे हैं।
पार्टी मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया के साथ औपचारिक बातचीत में रामचंदर राव ने कहा कि परिवार नियोजन नहीं कर जनसंख्या नियंत्रण में सहयोग करने वाले दक्षिण के राज्यों के साथ भेदभाव करने के जो आरोप मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी लगा रहे हैं, दरअसल यह मुसलमानों की बढ़ती जनसंख्या का लाभ लेकर मजलिस को खुश करने का एजेंडा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी शासन के दौरान जब परिवार नियोजन के लिए नसबंदी कराई जा रही थी, तब इस्लाम की दुहाई देकर मुसलमानों ने नसबंदी कराने से मना कर दिया था।
तब केवल हिन्दुओं की नसबंदी कराई गई, जिससे हिन्दुओं की जनसंख्या घट गई और मुसलमानों की जनसंख्या बढ़ गई। उन्होंने कहा कि इसी का लाभ लेने के लिए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी जनसंख्या के आधार पर डिलिमिटेशन करने की माँग कर रहे हैं। इससे मुसलमानों की बढ़ी जनसंख्या के अनुपात में सीटें बढें और मजलिस पार्टी को फायदा हो। उन्होंने कहा कि जहाँ मजलिस नहीं होगी, वहाँ कांग्रेस मित्रदल का लाभ लेकर मुसलमानों के मतों का लाभ लेकर अपना हित साध सकेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है। उसने भारत का विभाजन किया था।
यह भी पढ़ें… बयान वापस लें भाजपा सांसद : पोन्नम प्रभाकर
रेवंत रेड्डी पर उत्तर-दक्षिण विभाजन का आरोप
अब मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी उत्तर-दक्षिण के नाम पर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा इनके इरादे सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि एक ओर सासंद राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी देश तोड़ो यात्रा करने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री देश को प्रांतीय मतभेद फैलाकर विभाजित करने की घिनौनी राजनीति कर रहे हैं, जो सफल नहीं होगी।
रामचंदर राव ने उत्तर भारत में अधिक सीटें और दक्षिण भारत में कम सीटें होने के लगाए जा रहे आरोपों को लेकर कांग्रेस से प्रश्न किया कि 5 दशकों तक कांग्रेस सत्ता में रही है, तो दक्षिण में सीटें कम होने का पाप तो कांग्रेस का ही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार तो 50 प्रतिशत का फार्मूला पेश कर सीटें बढ़ा रही है, इसमें क्या आपत्ति है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत से समाप्त हो चुकी कांग्रेस दक्षिण में भी खतम होने लगी है, जबकि दक्षिण में भाजपा के पास कांग्रेस से अधिक सीटें हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में सभी को चर्चा में भाग लेने का अवसर होता है।
नेता प्रतिपक्ष को मौका दिया जाता है। क्षेत्रीय पार्टियाँ यदि उत्तर-दक्षिण पर बोलें, तो समझा जा सकता है, लेकिन कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है, कैसे उत्तर-दक्षिण का भेद फैला सकती है। उन्होंने कहा कि एक समय महिला आरक्षण बिल अमल करने की माँग करने वाले राहुल गांधी अब क्यों विरोध कर रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





