तेलंगाना के साथ काम करने का इच्छुक सिंगापुर

हैदराबाद, उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि हरित ऊर्जा, क्षेत्रीय रिंग रोड, मूसी नदी पुनरुद्धार और शिक्षा तेलंगाना सरकार के प्राथमिकता वाले क्षेत्र हैं। उन्होंने आज सचिवालय में सिंगापुर के कॉन्सुल जनरल एडगर पांग तथा प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस अवसर पर सिंगापुर के कॉन्सुल जनरल एडगर पांग ने कहा कि सिंगापुर की कंपनियां तेलंगाना के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में रुचि रखती हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से सहयोग देने का अनुरोध किया। सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उपरोक्त प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को लेकर सिंगापुर की कंपनियों के साथ काम करने में रुचि रखती है। उन्होंने बताया कि नई हरित ऊर्जा नीति के तहत सौर, जलविद्युत पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि राज्य के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप यंग इंडिया इंटीग्रेटेड आवासीय विद्यालयों का निर्माण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें… श्रीलंका के शांति सेना स्मारक पर गूंजा भारत का जयघोष
इन स्कूलों के निर्माण के लिए आवश्यक निधियाँ जारी की गयी हैं। प्रत्येक स्कूल 25 एकड़ भूमि पर बनाया जा रहा है। यह राज्य सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होंने आगे कहा कि तेलंगाना एक नगर-राज्य है, जहां बड़ी संख्या में शहर हैं और राज्य सरकार ने शहरी क्षेत्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित किया है। इस बैठक में सिंगापुर पोलिटिकल कांसुल वैष्णवी वासु देवन व अन्य ने भाग लिया।
सीएम से शिष्टाचार मुलाकात
एडगर पांग ने आज मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से उनके जुबली हिल्स आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक के दौरान दोनों के बीच औपचारिक बातचीत हुई। इस मौके पर आईटी व उद्योग विभाग के उच्च अधिकारी व अन्य मौजूद थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



