शुभेंदु के सहयोगी पर हमला मामले में घायल ड्राइवर के परिवार की मांग

कोलकाता, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ पर हमले के दौरान घायल हुए ड्राइवर बुद्धदेव बेरा के परिवार ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है और नयी सरकार से आग्रह किया है कि पश्चिम बंगाल में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
रथ की बुधवार रात कोलकाता के समीप मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे राज्य में राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया। हमले के समय वाहन चला रहे बेरा को भी गोली लगी और उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी टेलीविजन से मिली, जिसके बाद वे तुरंत कोलकाता के लिए रवाना हो गए। बुद्धदेव के चाचा बिस्वजीत बेरा ने कहा, ‘‘हमें टीवी पर आयी खबरों से पता चला कि मेरे भतीजे को गोली मार दी गई है। अभी तक हमें यह नहीं पता कि हमला किसने किया और क्यों किया।’’
रथ के परिवार ने आरोपियों को आजीवन कारावास देने की मांग की है
‘‘हमारी अब केवल यही इच्छा है कि वह स्वस्थ होकर सुरक्षित घर लौट आए।’’ बुद्धदेव (25) पूर्व मेदिनीपुर जिले में चांदीपुर पुलिस थाना क्षेत्र के मजनाबेरिया गांव का रहने वाला है।परिजनों के अनुसार, वह काम के सिलसिले में अधिकतर समय कोलकाता में रहता है और सप्ताहांत पर कभी-कभार घर आता है।
घटना के बाद उनके माता-पिता के अलावा छोटा भाई और कई रिश्तेदार भी कोलकाता पहुंच गए हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उनके चाचा ने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि सरकार इस मामले की सही जांच करे और अपराध में सीधे तौर पर शामिल लोगों की पहचान करे। उन्हें ऐसी कड़ी सजा दी जानी चाहिए ताकि पश्चिम बंगाल में दोबारा ऐसी घटनाएं न हों और किसी अन्य परिवार को इस दुख से न गुजरना पड़े।’’
उनकी एक पड़ोसी रंजना घोराई ने भी हमले के जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मोहल्ले में हम उसे सोना कहकर बुलाते हैं। हम चाहते हैं कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों को मिसाल कायम करने वाली सजा मिले।’’ रथ के परिवार ने आरोपियों को आजीवन कारावास देने की मांग की है, जबकि अधिकारी ने हत्या में शामिल लोगों को फांसी की सजा देने की मांग की है। (भाषा )
यह भी पढ़े– भारत 31 मार्च तक माओवादियों से मुक्त हो जाएगा: अमित शाह
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



