आकाशवाणी की 90वीं वर्षगांठ पर वॉकाथॉन 8 मई को

हैदराबाद, सार्वजनिक प्रसारण सेवा के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी हैदराबाद द्वारा 8 मई को वॉकाथॉन का आयोजन किया जाएगा।
आकाशवाणी तेलंगाना के क्लस्टर हेड बी. हरि सिंह ने बताया कि भारत ने 8 जून 1936 को अपने प्रसारण सफर की शुरुआत करने वाली आकाशवाणी सेवा इस साल 8 जून को 90 वर्ष पूर्ण करेगी। इस अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए 8 जून 2025 से ही देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इन आयोजनों के अंतर्गत आकाशवाणी पर विशिष्ट व्यक्तित्वों के साथ संवाद, संगीत कार्यक्रम एवं रेडियो नाटकों के साथ-साथ देशभर के सभी आकाशवाणी केंद्रों पर भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रतिबिंबित करने वाले शास्त्रीय, लोक एवं सुगम संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में देश के विभिन्न आकाशवाणी केंद्रों में 8 मई को एक साथ वॉकाथॉन का आयोजन भी किया जाएगा। आकाशवाणी हैदराबाद द्वारा आयोजित यह वॉकाथॉन प्रातः 6:30 बजे आकाशवाणी हैदराबाद परिसर से प्रारंभ होगा। यह रैली बशीरबाग, बीआरकेआर भवन, एलआईसी कार्यालय एवं अरण्य भवन मार्ग से होते हुए पुनः आकाशवाणी कार्यालय पहुंचेगी। इस कार्यक्रम में तेलंगाना राज्य के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।
उल्लेखनीय है कि 3 मई से “तोम्मिदि दशाब्दला प्रजा प्रसार शौरभम् – आकाशवाणी वैभवम्” शीर्षक से विशेष कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 10 बजे तेलंगाना के सभी आकाशवाणी केंद्रों से प्रसारित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त 14 मई को सायं 6 बजे नामपल्ली स्थित सुरवरम प्रताप रेड्डी तेलुगु विश्वविद्यालय में आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति में एक विशेष लोक संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



