राजस्थान में भाजपा विधायक पर मारपीट का केस दर्ज

जयपुर, राजस्थान के गंगानगर में पुलिस ने राजस्थान शहरी बुनियादी ढांचा विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के सहायक अभियंता पर कथित हमले के मामले में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के विधायक जयदीप बिहाणी व कई अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार शहर के जवाहर नगर थाने में सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया। थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्राथमिकी में विधायक जयदीप बिहाणी समेत 5-6 नामजद व्यक्तियों और कई अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

राठौड़ ने बताया कि प्राथमिकी में मारपीट, सरकारी कर्मचारी के कार्य में बाधा डालने और अनुसूचित जाति/जनजाति कानून के प्रावधानों से संबंधित आरोप शामिल हैं। सहायक अभियंता बैरवा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 30 अप्रैल को विधायक के ‘जन सेवा केंद्र’ में सुनवाई के दौरान बिहाणी और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की।

मूल रूप से सवाई माधोपुर जिले के निवासी बैरवा ने यह आरोप भी लगाया कि विधायक ने इससे पहले 10 अप्रैल को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की बैठक के दौरान भी उन्हें धमकी दी थी। उन्होंने दावा किया कि 30 अप्रैल को जन स्‍वास्‍थ्‍य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के एईएन कृष्ण धारीवाल ने उन्हें फोन किया और एक बैठक के लिए विधायक के सेवा केंद्र पर बुलाया जहां उनके साथ मारपीट की गई।

उल्लेखनीय है कि इस मामले में पहले विधायक बिहाणी ने आरोप लगाया था कि सार्वजनिक सुनवाई के दौरान अभियंता और दो अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने एईएन जगनलाल बैरवा और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। रिहा होने के बाद बैरवा ने आरोप लगाया कि विधायक व उनके समर्थकों ने उनके और अन्य लोगों के साथ मारपीट की थी। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button