अमृतसर, जालंधर में विस्फोट भाजपा के मिशन पंजाब का हिस्सा : संजय सिंह
नयी दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भाजपा ने अमृतसर और जालंधर में हुए दोहरे बम विस्फोटों के बाद, चुनावी राज्य पंजाब में शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने के लिए अपना ‘‘मिशन पंजाब’’ शुरू किया है।
सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की जीत के बाद, चुनाव बाद की हिंसा देखने को मिल रही है। आप सांसद ने कहा, ‘‘भाजपा और आईएसआई (पाकिस्तानी गुप्तचर एजेंसी) के बीच सीधा संबंध है और हमने इसे पठानकोट घटना में भी देखा है। अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोट राज्य में शांति भंग करने की भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा हैं।’’ सिंह ने दावा किया कि भाजपा का ‘‘आईएसआई के साथ हाथ मिलाने का इतिहास रहा है’’, और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उसे पठानकोट घटना की जांच के लिए ‘‘आमंत्रित’’ किया था।
सिंह ने कहा, ‘‘देश में हुई कई घटनाओं के पीछे आईएसआई का हाथ रहा है, जिसके साथ भाजपा के मजबूत संबंध हैं। इसलिए मुख्यमंत्री मान और हमारी पार्टी ने अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोटों के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया है।’’ मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोहरे विस्फोटों के लिए बुधवार को भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा था कि पार्टी (आप) राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी इसी तरह कर रही है। इसपर, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि मान की टिप्पणी ‘‘गैरजिम्मेदाराना और अपरिपक्व’’ थी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



