सड़क सुरक्षा के लिए किये जा रहे हैं व्यापक सुधार : सृजना
हैदराबाद, साइबराबाद नगर निगम स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर साइबराबाद एवं गच्ची बावली को सुरक्षित यातायात जोन बनाने के उद्देश्य से व्यापक सुधार कार्यक्रम लागू कर रहा है। विशेष रूप से जहाँ फुटपाथी कब्जे हटाए जा रहे हैं, वहीं नो हॉकिंग जोन तथा वाहनों की रेसिंग को नियंत्रित करने के लिए भी कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
सीएमसी आयुक्त सृजना ने आज हर दिन एक वार्ड अभियान के तहत साइबराबाद नगर निगम कुकटपल्ली ज़ोन में माधापुर सर्कल के अंजैय्या नगर वार्ड का निरीक्षण किया। आयुक्त ने उपायुक्त और सर्कल स्टाफ के साथ व्हाइटफील्ड क्षेत्र का दौरा किया, जहाँ उन्होंने प्रमुख नागरिक समस्याओं की समीक्षा कर आवासीय कल्याण संघों के प्रतिनिधियों व स्थानीय निवासियों से बातचीत की। उन्होंने नागरिकों के साथ बातचीत कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
यह भी पढ़ें… इंदिरम्मा घरों को प्राथमिकता दें जिलाधीश : पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी
जंक्शन पर सड़क विस्तार और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
आयुक्त ने रामालयम कोत्तागुड़ा जंक्शन के पास सड़क विस्तारीकरण और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर विकास कार्य करने, ट्रेंडसेट जयाभेरी के पास बाधाओं को दूर करने तथा फ्लाईओवर के नीचे थीम आधारित खेल क्षेत्र विकसित करने के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने व्यापारियों से कचरा बिन रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निगम नो बिन-नो ट्रेड नीति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेगा।
आयुक्त ने गच्ची बावली की ओर सड़क विस्तारीकरण के निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर नो-हॉन्किंग ज़ोन लागू करने, रेसिंग गतिविधियों पर नियंत्रण करने, स्कूल बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जंक्शन और मोड़ बिंदुओं पर सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा व रखरखाव पर जोर देते हुए कहा कि गड्ढों की तुरंत मरम्मत, ब्लाइंड टर्न पर मिरर लगाने, स्ट्रीट लाइट के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने, लटके हुए केबल बंडलों को हटाने के निर्देश दिए।
साथ ही कहा कि लंबे समय से खड़े वाहनों पर कार्रवाई उन्हें वहाँ से हटाया जाए। आयुक्त ने अधिकारियों के साथ सेंट्रल मीडियन रख-रखाव, घर-घर कचरा जमा करने तथा जीवीपी की पहचान कर कचरे की समस्या का निवारण करने आदि मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



