हैदराबाद : सास की हत्या कर किया दिमागी दौरे से मौत का नाटक

हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र मेडीपल्ली थाना परिधि के अंतर्गत युवक ने घरेलू विवाद के चलते अपनी सास की हत्या कर दी और दिमागी दौरा पड़कर गतिमान मोटरसाइकिल से गिरने के कारण मौत होने का नाटक किया, लेकिन घटनास्थल पर लगे सीसी टीवी कैमरों ने उसकी पोल खोल दी।
मेडीपल्ली पुलिस इंस्पेक्टर शंकरय्या के अनुसार, चंगीचर्ला आरटीसी कॉलोनी निवासी कोल्ला अरुणा (39) की छोटी लड़की कोल्ला काव्या (19) पिछले वर्ष करीमनगर, चंदनपुर निवासी निजीकर्मी कोर्रा स्नेहित (28) से प्रेम विवाह रचाया। विवाह के बाद स्नेहित और काव्या चंगीच में ही एक मकान किराए पर लेकर रह रहे थे। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच कुछ मामलों को लेकर मतभेद चल रहा था। इस कारण दोनों के बीच आए दिन झगड़े हो रहे थे।
ससुराल बुलाकर रची साजिश, रास्ते में किया हमला
गत 28 अप्रैल को अरुणा की बड़ी लड़की घर पर आई हुई थी। इस कारण उसने काव्या को भी घर पर बुला लिया। काव्या के माँ के घर जाने के बाद स्नेहित ने अपनी सास अरुणा को फोन कर काव्या के बारे में काफी बुरा-भला कहा। उसने कहा कि वह एक बड़ी कंपनी में नौकरी करता है, लेकिन उसने एक बर्तन मांजने वाली लकड़ी से शादी की। उसने कहा कि उसकी लड़की हर छोटी बात को लेकर उससे झगड़ा कर रही है। दूसरे दिन स्नेहित अपने ससुराल गया और बातचीत करने के लिए उसके घर चलने की बात कहकर उसने अरुणा को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बिठा लिया।
गतिमान मोटरसाइकिल पर ही उसने अरुणा से झगड़ा करते हुए अपनी हेलमेट निकालकर मोटरसाइकिल चलाते हुए ही पीछे बैठी अरुणा के सिर पर मार दिया। संतुलन बिगड़ जाने के कारण अरुणा गतिमान मोटरसाइकिल से गिर गई और उसके सिर पर चोट लग गई। इसके बाद स्नेहित ने काव्या को फोन कर बताया कि दिमागी दौरा पड़ने के कारण गतिमान मोटरसाइकिल से गिर जाने से उसकी माँ के सिर पर चोट लग गई। इसके बाद अरुणा को मेडी स्टार अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहाँ से उसे बेहतर उपचार हेतु बोडुप्पल के आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया।
हेलमेट वार से हुई मौत, आरोपी स्नेहित गिरफ्तार
उपचार के दौरान 30 अप्रैल की शाम को अरुणा ने दम तोड़ दिया। इधर, काव्या को स्नेहित की बात पर भरोसा नहीं हुआ और अपनी माँ की मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की और अरुणा के घर से लेकर काव्या के घर तक लगे सीसी टीवी कैमरों की छानबीन की गई।
रास्ते में सीसी टीवी कैमरे में देखा गया कि स्नेहित ने गतिमान मोटरसाइकिल पर हेलमेट से अरुणा पर हमला कर दिया था, जिस कारण वह संतुलन खोकर गिर गई और सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) का मामला दर्ज कर स्नेहित को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



