‘सर के चुनर’ विवाद पर नोरा ने मांगी माफी, अनाथ लड़कियों की मदद करेंगी

नयी दिल्ली, अभिनेत्री नोरा फतेही ‘सर के चुनर’ गाने से जुड़े विवाद के सिलसिले में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष पेश हुईं और माफी मांगते हुए कहा कि उनका ‘किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।’

नोरा ने आयोग में सुनवाई के बाद पत्रकारों से कहा कि अनजाने में उनसे यह गलती हो गई । उन्होंने एक कलाकार के तौर पर अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की। उन्होंने कहा, “यह बस एक ऐसी स्थिति थी जिसमें मैं फंस गई थी लेकिन मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। हालांकि बेशक एक कलाकार होने के नाते मेरी जिम्मेदारियां हैं। मैं माफी मांगती हूं, हमने सब कुछ लिखित में दे दिया है। वे (आयोग की सदस्य) बहुत दयालु और मददगार रही हैं।”

अभिनेत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने कुछ अनाथ लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, “समाज को कुछ वापस देना हमारे लिए बहुत जरूरी है। इसलिए मैंने तय किया है कि हम कुछ अनाथ लड़कियों की शिक्षा का खर्च उठाएंगे, यही हमारा लक्ष्य है।” इससे पहले, नोरा ने गाने के हिंदी संस्करण से खुद को अलग करते हुए कहा था कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण की शूटिंग की थी और हिंदी में इसके इस्तेमाल के लिए उनकी अनुमति नहीं ली गई थी।

यूट्यूब पर 15 मार्च को रिलीज किये गये इस गाने के हिंदी संस्करण में आपत्तिजनक शब्दों को लेकर जनता के एक वर्ग में आक्रोश फैल गया था। फिल्म निर्माताओं ने विरोध के बाद हिंदी संस्करण को यूट्यूब से हटा दिया, हालांकि यह अन्य मंचों पर प्रसारित होता रहा। गीतकार, गायक और निर्देशक ने भी माफी मांगी है। ‘केडी द डेविल’ एक कन्नड़ फिल्म है, जिसे हिंदी सहित चार भाषाओं में ‘डब’ किया गया है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button