मैं रंगों के साथ हंसती-रोती जिये जा रही हूँ – जया बाहेती
जीवन तो एक ही है, लेकिन वह किसी के लिए विस्तार है तो किसी के लिए सारांश। कोई उसे फैला रहा है तो कोई समेट रहा है। किसी के लिए बिल्कुल फीका तो किसी लिए इंद्रधनुष की छटाओं की तरह रंगारंग। हैदराबाद की प्रतिष्ठित चित्रकार जयाश्री बाहेती के लिए जीवन रंगों से भरा हुआ है। बीते तीन दशकों से अधिक समय में उन्होंने कैनवास पर रंगों की आड़ी-तिरछी, गोल और कभी समानांतर लकीरों से हज़ारों आकृतियाँ उकेरी हैं।

बंजारा हिल्स में उनकी छोटी-सी गैलरी का अवलोकन करते हुए हम पाते हैं कि उन्होंने भारतीय संस्कृति की धरोहर से प्रतीकों को अपने चित्रों में कुछ इस तरह उकेरा है कि श्वेत-श्याम चित्रों में भी चटख़ते हुए रंगों की छटाओं के छुपे रहने का एहसास होता है। कला समीक्षक जॉर्जिना मैडॉक्स उनके बारे में कहती हैं कि जया बाहेती अपने चित्रों में जीवंत, लेकिन शांत रंगों की एक अमूर्त पृष्ठभूमि का निर्माण करती हैं, उनके चित्र दर्शको में सहानुभूति भर देते हैं, कोमलता का एहसास जगाते हैं। आत्मा को भीतर तक छूते चित्रों से सजी कला-दीर्घा में उनके साथ उन्हीं के बारे में खूब सारी बातचीत हुई। यहाँ कुछ अंश प्रस्तुत हैं–
एक कलाकार के रूप में आपकी यह यात्रा कैसे रही?
बहुत शानदार, रंगारंग, हसीन और उत्साहपूर्ण! यह सही है कि यह यात्रा एकरंग या लगातार एक जैसी नहीं रही। इसमें उतार-चढ़ाव आए, लेकिन इनसे मैंने बहुत कुछ सीखा है। कलात्मक यात्रा के दौरान मैंने देखा है कि कभी बहुत सारा काम है, व्यस्तता ही व्यस्तता है। उपलब्धियों की बात की जाए तो मैं कहूँगी कि यह यात्रा एक साधना है। मैं जब चित्र बनाने की प्रक्रिया में रहती हूँ तो अपने भीतर एक आध्यात्मिक भावना महसूस करती हूँ। इससे व्यक्तित्व में निखार आता है। मैं रंगों के साथ हंसती-रोती और इनके साथ ही जीती हूँ।

आपसे पूर्व और समकालीन कलाकारों ने सफलता और असफलता के कुछ पैमाने तय कर रखे हैं, जब आप उन्हें देखती हैं तो अपने बारे में क्या सोचती हैं?
जैसा कि मैंने कहा है कि मेरी कला मेरी साधना है। यह मेरे अभ्यास और मेरी मनस्थिति को प्रतिबिंबित करती है। जब आप एक कलाकार होते हैं, तो अपनी कला के साथ एकाकार हो जाते हैं। मैंने अपने लिए कोई मानक या पैमाने नहीं बनाए हैं, बल्कि कोई योजना भी नहीं है। जैसे-जैसे जिंदगी आगे बढ़ती है, उसे गले लगाकर जीये जाती हूँ। हर दिन ऐसे कि जैसे आज ही पैदा हुई हूँ। काम करते जाना और चलते जाना है।

इतनी उपलब्धि भर से खुश हूँ कि कला के कारण जीवन में बहुत सारे अच्छे लोगों से मिलने के अवसर मिले हैं। मुझे याद है कि फलकनुमा में फ्रांस के प्रिंस आये थे। उन्होंने हैदराबाद के कलाकारों में मेरी कलाकृतियों को देखना पसंद किया। वहीं पर मैंने सलमान खान के लिए भी अपने चित्रों का प्रदर्शन किया।
आप व्यापारी परिवार से हैं। एक मारवाड़ी परिवार में पली-बढ़ी और ब्याही हैं। परिवार में आपने अपने लिए क्या दृष्टिकोण पाया?
मन के भीतर से लेकर आंगन तक मेरे लिए कला का एक ही महत्व है। मेरा सौभाग्य रहा कि मुझे बचपन से लेकर आज तक परिवार में कलाकार के रूप में एक विशेष सम्मानजनक दृष्टि से देखा गया और कलाकार के रूप में आगे बढ़ने के लिए सहर्ष सहयोग किया गया। मेरा बचपन महाराष्ट्र में गुज़रा। लातूर शहर में मैं अपने पिता के साथ मुरली लाहोटी के चित्रों की प्रदर्शनी देखने गयी थी। उस समय केवल तेरह साल की थी।

उसी दिन मैंने पिता से कह दिया था कि मैं चित्रकार बनूँगी। पिता के साथ-साथ सारे परिवार ने एक कलाकार के रूप में मुझे सिर पर बिठाया। मैंने उन्हीं दिनों पूणे और मुंबई प्रदर्शनियों का आयोजन किया। जब ब्याहकर हैदराबाद आई तो यह डॉक्टरों और वकीलों का परिवार है, सभी ने एक कलाकार के रूप में मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए ढेर सारा प्रेम भी दिया।
आपका अपना दृष्टिकोण कला के प्रति क्या है?
हमें जीने के लिए धन की आवश्यकता होती है, लेकिन जीवन उससे कहीं बढ़कर होना चाहिए। कोई भी व्यक्ति स्वयं से पूछता है कि इस धरती पर मेरे होने का क्या कारण है? मुझे कला में ही अपना उत्तर मिला कि यह ब्रह्मांड को कुछ वापस देने का माध्यम है। यह एक यात्रा है और हमें अपनी आत्मा को उस ऊर्जा से फिर से जीवंत करने का मौका मिलता है, जो हमारे जीवन को परिभाषित करती है।

समय के साथ आपकी अपनी कला में किस तरह के बदलाव आए?

परिवर्तन तो आता ही है। शुरू में मेरे चित्रों में सजावट बहुत अधिक हुआ करती थी। उसके बाद सादगी का प्रभाव बढ़ता गया। अमूर्तता तथा प्रकृति-चित्रण शुरू से ही मेरे चित्रों का हिस्सा रहे हैं। भारतीय संस्कृति के सिरे को पकड़कर मैं आगे बढ़ती रही हूँ। लोगों ने मेरी शैली को प्रोत्साहित किया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



