भाजपा के हाथों में देश सुरक्षित नहीं : डी. राजा

 Country is not safe in the hands of BJP: D. Raja

हैदराबाद- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा ने कहा कि भाजपा के हाथों में भारत सुरक्षित नहीं रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान व लोकतंत्र तथा संघीय व्यवस्था की रक्षा के लिए आगामी 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा सरकार को हटा दिया जाना चाहिए। उन्होंने लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष दलों के साथ-साथ क्षेत्रीय दलों से जनविरोधी भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए हाथ मिलाने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात की सराहना की कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव भाजपा के खिलाफ चुनौती पेश कर रहे हैं और यह एक अच्छा परिणाम है। उन्होंने केसीआर से भाजपा के खिलाफ लगातार लड़ने और तेलंगाना की जनता को इस दिशा में तैयार करने का आह्वान किया।

प्रदेश भाकपा की तीसरी महासभा रविवार को रंगारेड्डी जिले के शमशाबाद में शुरू हुई। अवसर पर दो किलोमीटर तक विशाल प्रदर्शन का आयोजन किया गया। बाद में भाकपा के प्रदेश सचिव चाडा वेंकट रेड्डी की अध्यक्षता में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें डी. राजा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इनके अलावा मंच पर भाकपा के राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान,  के. नारायण, कार्यकारी समिति के सदस्य सय्यद अजीज पाशा, प्रदेश सहायक सचिव पल्ला वेंकट रेड्डी, कूनमनेनी संबाशिव राव, के. श्रीनिवास रेड्डी, वरिष्ठ नेता पुव्वाड़ा नागेश्वर राव व राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने उपस्थित थे।

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए डी. राजा ने स्पष्ट किया कि यदि भाजपा सत्ता में बनी रही, तो लोकतंत्र मर जाएगा। भारत एक राष्ट्र के रूप में नहीं बचेगा और देश आगे नहीं बढ़ेगा। इसी कारण अगले  चुनावों में भाजपा को सत्ता से दूर करने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष व क्षेत्रीय दलों को एक साथ लड़ना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि देश में पहले से ही तेजी से बदलाव आ रहा है और क्षेत्रीय दल भाजपा के खिलाफ लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में सीएम स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके भी भाजपा के खिलाफ सैद्धांतिक और राजनीतिक संघर्ष कर रही है।

Comments System WIDGET PACK