भाजपा के होर्डिंग्स पर चालानों की बरसात

Hundreds Challans  on BJP hoardings
हैदराबाद- शहर में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक को लेकर माधापुर और सिकंदराबाद को जोड़ने वाली सभी सड़कें कमलमय हो गयी हैं। असंख्य स्थानों पर होर्डिंग्स, फ्लेक्सी और बैनर लगाये गये हैं। हालाँकि यह कार्य काफी दिनों से चल रहा है, लेकिन आज जीएचएमसी को तीव्रता के साथ याद हो आया है कि शहर में अवैध रूप से बैनर, फ्लेक्सी और होर्डिंग्स लगाना प्रतिबंधित है। इस एहसास के साथ ही निगम के प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी और कर्मचारी सतर्क हो गये हैं। आज सुबह से ही ऐसी  होर्डिंग्स और बैनर पर चालानों की बरसात की गयी है। बताया जाता है कि निगम ने आज एक ही दिन में भाजपा के होर्डिंग्स पर 100 से अधिक चालान किये हैं और 8 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना ठोका है।

अवैध  होर्डिंग्स, बैनर और फ्लेक्सी के खिलाफ चालान जारी करना जीएचएमसी प्रवर्तन निदेशालय के विशेष प्रकोष्ठ का रोज का ही काम है, लेकिन कभी कभी जब शहर में राजनीतिक गतिविधियाँ बढ़ जाती हैं तो अधिकारियों की चुनौती बढ़ जाती है। ऐसे होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उन्हें सोचना पड़ता है और कभी कभी नेताओं की नाराज़गी भी झेलनी पड़ती है। इसके लिए उच्च अधिकारियों की अनुमति भी लेनी पड़ती है। यही कारण है कि नामपल्ली पर कांग्रेस के पार्टी कार्यालय गांधी भवन और भाजपा के कार्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन के आस पास बड़ी संख्या में होर्डिंग्स लगाये जाने के बावजूद अधिकारी उन्हें हटाने की हिम्मत जुटा नहीं पाते। आज जबकि सारे शहर में भाजपा के होर्डिंग्स और झंडे लगाये गये हैं और लोग इनकी तस्वीरें लगातार जीएचएमसी के प्रवर्तन निदेशालय को भेज रहे हैं तो निदेशालय के लिए अनिवार्य हो गया कि चालान जारी किये जाएं।

निगम के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि आज शिकायतें बढ़ने के बाद अधिकारियों ने चालान जारी करने शुरू किये और शाम होने तक चालानों की संख्या 100 पार कर गयी। उन्होंने कहा कि 100 चालानों की जुर्माने की राशि 8 लाख रुपये से अधिक हो सकती है। इन चालानों में अधिकतर होर्डिंग्स और बैनर नामपल्ली, अबिड्स और एचआईसीसी के आस पास के हैं। कुछ होर्डिंग्स पर नेताओं की तस्वीरों को ध्यान में रखते हुए चालान व्यक्तिगत रूप से उनके खिलाफ जारी किये गये हैं तो कुछ सीधे भारतीय जनता पार्टी के राज्य महासचिव के नाम जारी किये गये हैं। अधिकतर चालानों की राशि 5000 रुपये है, जबकि कुछ चालान 10 से 15 हज़ार रुपये जुर्माने के भी हैं।

क्या इन होर्डिंग्स और बैनरों को तत्काल हटाया जा रहा है? इस प्रश्न के उत्तर में अधिकारी ने बताया कि यह कार्य जोनल और सर्कल स्तर की टीमों को सौंपा गया है वे इसे हटाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के होर्डिंग्स, बैनर और फ्लेक्सी लगाना अदालत के आदेश की अवहेलना है और इस पर कड़ी सज़ा और जुर्माने का प्रावधान है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों जब तेलंगाना राष्ट्र समिति का अधिवेशन एचआईसीसी में था तो सारा शहर गुलाबी हो गया था। अधिवेशन होने तक जीएचएमसी के अधिकारी चुप रहे और जैसे ही अधिवेशन समाप्त हुआ शिकायतों के आधार पर होर्डिंग्स और फ्लेक्सी पर चालान जारी करना शुरू किया गया। उन्हें हटाया भी गया। इस दौरान कुछ मंत्रियों के पर भी चालान जारी कर जुर्माना लगाया गया था और प्रचार के उद्देश्य से कुछ नेताओं ने सार्वजनिक रूप से जुर्माना अदा करने की घोषणा भी की थी। जीएचएमसी अधिकारी ने बताया कि भाजपा के  होर्डिंग्स और फ्लेक्सी के बारे में शिकायतें लगातार आ रही हैं। इन पर गुरुवार को चालान जारी किये जाएंगे।
Comments System WIDGET PACK