सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश

हैदराबाद- मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने राज्य में निर्माणाधीन सभी लंबित सिंचाई परियोजनाओं को अगले दो वर्षों में पूरा कर कुल एक करोड़ एकड़ भूमि को सिंचाई जल देने के आदेश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों को पूरी सतर्कता व कटिबद्धता से निर्माण कार्यों को पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वयं इन कार्यों का जायजा लेंगे। उन्होंने आगामी मंगलवार को कालेश्वरम और बुधवार को श्रीरामसागर सिंचाई परियोजना का दौरा कर कार्यों का जायज़ा लेने का निर्णय लिया। उन्होंने सीतारामा और श्रीरामसागर पुनरुद्धार परियोजना का कार्य धीमी गति से चलने को लेकर अधिकारियों को फटकार लगायी। उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण कार्यों के लिए किसानों से ली गयी जमीन के मुआवजे के भुगतान के लिए तत्काल आवश्यक निधियाँ मंजूर करने के आदेश वित्त अधिकारियों को दिये।

केसीआर ने प्रगति भवन में आज अधिकारियों के साथ बैठक कर सिंचाई परियोजनाअों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। लगभग सात घण्टे तक चली इस बैठक में गृह मंत्री मुहम्मद महमूद अली, सरकार के मुख्य सचिव एसके जोशी, वित्त प्रधान सचिव रामकृष्णा राव सहित सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कालेश्वरम और श्रीरामसागर पुनरुद्धार कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। केसीआर ने वित्त विभाग से गंधमल्ल व बस्वापुरम जलाशयों के निर्माण के लिए ली गयी जमीन के मालिकों को मुआवजा राशि देने के लिए 80 करोड़ मंजूर करने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रीरामसागर पुनरुद्धार कार्यों से बाढ़ नहर में अधिक जल उपलब्ध होगा। काकतीया नहर और बाढ़ नहर के बीच स्थित आयकट को सिंचाई जल देने के लिए सभी तालाबों को जलापूर्ति करनी होगी।

केसीआर ने आगे कहा कि राज्यभर में अधिक भूमि को सिंचाई जल देने वाले कालेश्वरम परियोजना से संंबंधित लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करना होगा। आगामी जून-जुलाई तक किसानों को सिंचाई जल देना चाहिए, परंतु मेडिगड्डा बैराज़ का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहे है। इसी प्रकार अन्नारम, सुंदिल्ला बैराज़ों को कार्यों में तेजी लानी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कालेश्वरम निर्माण कार्यों में देरी को किसी भी हाल में सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की परिधि में अाने वाले बैराज़ों व पंपहाउसों के निर्माण कार्यों को देखने वे अागामी मंगलवार को परियोजना का दौरा करने जा रहे हैं।

इसके अलावा केसीआर ने सिंगूर परियोजना की परिधि में दो लिफ्ट परियोजना का निर्माण कर नारायणखेड़ और जहीराबाद निर्वाचन क्षेत्रों में 1-1 लाख एकड़ भूमि को सिंचाई जल देने के आदेश दिये हैं। इससे संबंधित प्रस्ताव तत्काल तैयार करने के निर्देश उन्होंने दिए। इसी प्रकार जुक्कल निर्वाचन क्षेत्र को भी सिंचाई जल देने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। महाराष्ट्र सरकार के साथ बातचीत कर लेंडी परियोजना के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के आदेश भी दिये। उन्होंने देवादुला परियोजना के कार्य भी तेजी नहीं होने पर असंतोष जताया। उन्होंने सीतारामा परियोजना के लिए आवश्यक 11 हज़ार करोड़ रूपये एकत्रित करने में सरकार के सफल होने की जानकारी देते हुए कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के आदेश दिये।

उन्होंने पलामूरू-रंगारेड्डी, डिंडी, सीतारामा, देवादुला परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की समीक्षा करने के लिए शीघ्र ही एक और विस्तृत बैठक करने का निर्णय लिया है।(डीवी भीमशंकर)
Comments System WIDGET PACK