अवैध संबंधों के कारण हत्या?

अोंगोल, 1 जुलाई-(मिलाप डेस्क)
वेटपालेम मंडल के देशाईपेट पंचायत परिधि स्थिति शांतिनगर के रहने वाले बालचंद्रशेखर राव (39) की शुक्रवार देर रात को हत्या कर दी गयी। शनिवार को गंभीर रूप से जख्मी चन्द्रशेखर राव को विजयनगर कॉलोनी रोड पर मृत पाया गया। पुलिस को संदेह है कि अवैध संबंधों के कारण ही बालचंद्रशेखर राव की हत्या की गयी होगी। शांतिनगर का रहने वाला चंद्रशेखर राव गुण्टूर के समीप एक निजी कंपनी में सेक्युरिटी गार्ड के रूप में काम करता था। सप्ताह में एक बार शांतिनगर में रहने वाला उसका भाई सुब्बा रायुडू के घर चन्द्रशेखर अाया करता था। चन्द्रशेखर राव की पत्नी 8 साल पहले पति को छोड़कर पनगिल्लापल्ली में अपने मायके में रह रही थी। चन्द्रशेखर राव के विजयनगर कॉलोनी की रहने वाली एक महिला के साथ 8 साल से अवैध संबंध थे। इसी क्रम में इस महीने की 27 तारीख को वह अपने पिता की बरसी के लिये शांतिनगर में रहने वाले अपने भाई के घर अाया।

चन्द्रशेखर को इस बात का शक था कि उक्त महिला के किसी और के साथ भी अवैध संबंध हैं और इस मामले को लेकर अक्सर उसके साथ उसका झगड़ा होता था। शुक्रवार सुबह चन्द्रशेखर राव उक्त महिला के घर गया और उसके साथ झगड़ने लगा। उसी दिन रात को 11 बजे वह वहाँ से चला गया। शनिवार के दिन उसकी लाश विजयनगर कॉलोनी के अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास के पास मिली। उसके सिर पर गहरी चोट थी। घटनास्थल पर पुलिस खोजी कुत्तों के साथ पहुँची। खोजी कुत्ते घटनास्थल से सीधे विजयनगर कॉलोनी में रहने वाली महिला, जिसके साथ चन्द्रशेखर के अवैध संबंध थे, के घर गये और वहाँ से सीधे उस जगह पहुँचे जहाँ चन्द्रशेखर की लाश पडी हुई थी। पुलिस ने महिला के घर में खून के छींटे भी पाये। इससे पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
Comments System WIDGET PACK