बेटे ने की पिता की हत्या

हैदराबाद, 30 जून-(मनीष सिंह)

नगर के सीमांत क्षेत्र जवाहर नगर थाना परिधि में सम्पत्ति विवाद के चलते व्यक्ति ने अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। जवाहर नगर पुलिस ने बताया कि अनंतय्या नगर कॉलोनी, नरेडमेट निवासी अार. प्रकाश (65) पत्नी की मौत के बाद से छोटे बेटे दीपक और दो पुत्रियों चंद्रकला व विनीता के साथ रहते हुए पेंटिंग का कार्य कर रहा था। कुछ दिन से जनभूमि नगर में रहने वाला उसका बड़ा बेटा संतोष पैतृक सम्पत्ति से संबंधित भू-प्लॉट और मकान उसके नाम पर करने के लिए जोर देते हुए झगड़ा कर रहा था,

लेकिन प्रकाश पैतृक सम्पत्ति संतोष के नाम पर करने के लिए राजी नहीं था। मामले को लेकर लंबे समय से दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था। संतोष किसी भी सूरत में पैतृक सम्पत्ति अपने नाम पर पंजीकृत करवाना चाहता था। इसके लिए उसने पिता को ही रास्ते से हटाने की ठान ली। पिछले सप्ताह संतोष की पत्नी बच्चों के साथ मायके गयी। संतोष को लगा कि पिता को रास्ते से हटाने का यह अच्छा मौका है।

सोची-समझी साजिश के तहत उसने गत 25 जून की रात को 8.30 बजे प्रकाश को अपने घर बुलाया और जानबूझकर उसे खूब शराब पिलायी। नशे में धूत होकर प्रकाश उसके घर के मुख्य दरवाजे के पास ही चबूतरे पर सो गया। देर रात संतोष ने प्रकाश की हत्या करने का अच्छा मौका देखकर उसके पेट पर बैठकर वहीं पास में पड़ी सीमेंट की ईंट से उसके चेहरे और सिर पर दो-चार प्रहार किए। हमले में प्रकाश लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। उसे मृत समझकर संतोष वहाँ से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रकाश को गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उपचार के दौरान कल देर रात उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अाईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर हत्यारे संतोष को हिरासत में ले लिया, लेकिन इसकी अाधिकारिक पुष्टि नहीं की।
Comments System WIDGET PACK