संकट में लें देव, गुरु और धर्म की शरण-आभाश्रीजी

Take, God, Guru and Dharma shelter in trouble - Abhashreeji
हैदराबाद, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रमणोपासक संघ, रामकोट के श्री गुरु गणेश पुष्कर दरबार में साध्वी आभाश्रीजी म.सा., डॉ. महिमाश्रीजी म.सा. और डॉ. श्रेयांशीजी म.सा. के सान्निध्य में प्रवचन सभा जारी है।

आज यहाँ रतनचंद कटारिया और धनराज गडवाणी द्वारा जारी संयुत्त प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंगलाचरण के पश्चात साध्वी आभाश्रीजी म.सा. ने कर्म सत्ता के बारे में बताया कि कर्म उदय आने पर जीवन में शुभ अशुभ घटनाएँ घटती हैं। जो जैसे कर्म करेगा, वैसा उसे भुगतान करना पड़ेगा। कर्मों ने तीर्थंकर को भी नहीं छोड़ा। प्रभु महावीर, भगवान श्रीराम, माता सीता सभी को कर्मों के कारण दुःख सहना पड़ा। कर्म का उदय होता है, तो अपने भी मुँह फेर लेते हैं। इसलिए जीवन में बुरा समय आता है, तो किसी को दोष देने के बजाय स्वयं को दोष देना चाहिए। जब भी संकट आए या समस्या आए, तो देव गुरु धर्म की शरण लेनी चाहिए।

म.सा. ने कहा कि वर्तमान में टीवी पर तरह-तरह के धारावाहिक चलते हैं। उसमें कुछ अपनाने जैसे होते हैं, जबकि कुछ को देखने से परिवार के सदस्यों पर गलत असर पड़ता है। मनुष्य जीवन के तीन एपिसोड हैं- बचपन, जवानी और बुढ़ापा। इनमें बुढ़ापा एपिसोड निर्णायक होता है। जैसे क्रिकेट मैच के अंतिम पाँच ओवर निर्णायक होते हैं, क्योंकि बचपन खेलकूद में गँवाते हैं, जवानी का जोश सही गलत की कशमकश में चला जाता है, मगर बुढ़ापे में अपने और पराये की सही पहचान होती है। इसलिए हमें जब भी समय मिले, धर्म, ध्यान, जप, तप करने का लक्ष्य रखना चाहिए। अंत समय में वह साथ देगा। हम अगर श्रद्धा और भाव पूर्वक पवित्र मन से प्रभु से जुड़ेंगे, तो भगवान भी हमारा साथ देंगे। समय परिवर्तनशील है। समय हमारा कब साथ छोड़ेगा पता नहीं। आत्मा को परमात्मा से जोड़ने के लिए सत्कर्म करने होंगे।

विज्ञप्ति में बताया गया कि श्री गुरु गणेश पुष्कर दरबार, रामकोट में बुधवार, 12 से 24 अक्टूबर तक सुबह 8 30 से 9.15 बजे तक पुच्छसिणं जाप एवं उतराध्ययन सूत्र का वाचन होगा। 9.15 बजे से प्रवचन रहेगा। प्रवचन पश्चात अल्पाहार का आयोजन बंसीलाल राजेन्द्र धारिवाल परिवार की ओर से रहेगा। दीपावली महापर्व के अंतगर्त 22 अक्तूबर को श्रमणसंघीय तृतीय पट्टधर आचार्य देवेन्द्र मुनिजी के जन्मोत्सव धनतेरस पर लोगस्स  का जाप, 23 अक्तूबर को रूपचौदस पर नमोतथुणं जाप एवं विशेष प्रवचन, 24 अक्तूबर को दिपावली पर नमो जाप का जाप, समोशरण की रचना तथा विशेष प्रवचन रहेगा। 25 अक्तूबर को सूर्यग्रहण है। इस दिन कष्ट निवारक जाप और विशेष प्रवचन रहेगा। 26 अक्तूबर को गौतम प्रतिपदा के दिन गौतम लब्धि खीर और नववर्ष की विशेष मांगलिक रहेगी।
संघ के अध्यक्ष किशोर कुमार मुथा ने सभी से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया।
Comments System WIDGET PACK