धर्म में प्रवेश की सीढ़ी है श्रद्धा- डॉ. प्रतिभाजी

हैदराबाद, `कमल कीचड़ में खिलता जरूर है, लेकिन वह इससे लिप्त नहीं हो पाता, बल्कि वह इससे ऊपर उठता है। श्रावकों को भी इसी प्रकार बुराइयों की कोठरी में रहते हुए भी दुनिया को अपनी अच्छाइयों से प्रकाशमय करना चाहिए।'

उक्त उग्दार सिकंदराबाद स्थित श्री वर्धमान स्थानक जैन श्रावक संघ मारुति विधि में जारी प्रवचन सभा में आज डॉ. प्रतिभाजी म.सा. ने व्यक्त किए। विजय डूंगरवाल द्वारा आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गुरु भगवंत ने बताया कि धर्म की नींव श्रद्धा पर टिकी हुई है। इसके बिना साधना का कोई तात्पर्य नहीं है। दर्शन का अर्थ सिर्फ देखना नहीं, बल्कि सही को सही और गलत को गलत ठहराना है। दर्शन के गूढ़ वास्तविकता पर गौर करें, तो इसका उचित अर्थ नजरिया है। समयक दर्शन की आराधना हमें यह बताती है कि जो चीजें जैसी हैं, उसे उसी रूप मेंं देखना चाहिए। जिस प्रकार यदि धर्म में श्रद्धा नहीं है, तो फिर चाहे लाख मालाएँ फेर लो, हर तरह की पूजा कर लो या तपस्या कर लो, लेकिन सब कुछ व्यर्थ है।

धर्म में विश्वास नहीं करने वाला साधु नहीं, लेकिन इसका दिखावा कर सकता है। हमारी श्रद्धा कमजोर है, इसलिए जो चाहिए वह मिलता नहीं है। प्रभु की भक्ति से पहले, आयंबिल करने से पहले या किसी तपस्या पर जाने से पहले मन में सौ बार स्वयं से प्रश्न करते हैं कि क्या यह करने से हमें कोई लाभ मिलेगा। गुरु या प्रभु की कृपा मिलेगी। ऐसे व्यक्ति की साधना का कोई फल नहीं मिलता, बल्कि बनते कार्य भी बिगड़ जाते हैं। फिर वह परमात्मा को कोसता है कि उसके साथ ही ऐसा क्यों हुआ। यदि नींव ही मजबूत नहीं होगी, तो भवन कैसे टिक सकता है। इसी प्रकार धर्म में श्रद्धा के बिना कोई भी व्यक्ति धर्म में प्रवेश नहीं कर सकता है। ज्ञानी कहते है कि जहाँ विश्वास है, वहीं चमत्कार होता है।

अनुज्ञाजी म.सा. ने नवपद ओली के छठे दिन नवकार मंत्र जाप की महिमा बताई। मंच संचालन संघ के महामंत्री शांतिलाल बोहरा ने किया। मंहेद्र ऋषिजी म.सा., हितेंद्र ऋषि आदि ठाणा-2 के 2023 चातुर्मास के लिए दुर्ग में विराजित गुरुदेव ने सिकंदराबाद संघ को स्वीकृति प्रदान की। संघपति संपतराज कोठारी, अध्यक्ष अशोक शेरमल बोहरा और मंत्री सुरेंद्र कटारिया के प्रयास से 2023 का चातुर्मास संघ को मिला है, जिसके लिए सभी ने उनका धन्यवाद व्यक्त किया। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का भी इसमें सहयोग रहा। उनका आभार जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ सघं की ओर से दी गई।

संघ के तत्वावधान में प्रायोजक प्रतिभा बहू मंडल के नेतृत्व में दीपावली त्यौहार को देखते हुए मास्टर शेफ प्रमोद चौहान द्वारा जैन स्थानक में शनिवार, 8 अक्तूबर को दोपहर 2 से 3.30 बजे तक दिवाली विशेष मिठाई कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में प्रवेश शुल्क प्रति प्रतिभागी 50 रुपये है। कार्यशाला में पंजीकरण के लिए मंडल की सदस्याओं आशा डाफरिया और योजना मखाणा से संपर्क किया जा सकता है। नवकार जाप का लाभ भवंरलाल अशोक कुमार प्रकाश अनिल अक्षय दक परिवार ने लिया। बेंगलुरू से पधारे अतिथि महेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार बाफना एवं समस्त परिवार और गुंटूर से से पधारे अतिथि पिंटू चोपड़ा परिवार ने गुरु भगवंत के दर्शन किए।
Comments System WIDGET PACK